गुजरात: अलाव ताप रहीं तीन लड़कियों की मौत, जताई जा रही है यह आशंका

सूरत। सूरत के औद्योगिक क्षेत्र में खुले मैदान में कूड़ा जलाकर अलाव तापने के दौरान तीन लड़कियों की मौत हो गई। आशंका है कि कूड़ा जलाने से जहरीला धुंआ निकला होगा जिससे उनकी जान चली गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना उस समय घटी जब पीड़िता दुर्गा महंतो (12), अमिता महंतो (14), और अनीता महंतो (8) शुक्रवार शाम को एक अन्य लड़की के साथ अलाव ताप रही थीं। 

पुलिस ने बताया कि यह सभी अलाव के चारों ओर घेरा बनाकर बैठी थीं। सचिन जीआईडीसी-1 के पुलिस निरीक्षक जे.आर. चौधरी ने बताया, ‘‘अलाव तापने के दौरान लड़कियों ने उल्टी करना शुरू कर दिया और बेहोश हो गईं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनमें से तीन की मौत हो गई।’’ 

यह भी पढ़े - Amarnath Yatra 2025: कल से शुरू हो रही अमरनाथ यात्रा, बालटाल और पहलगाम मार्गों पर चाक-चौबंद सुरक्षा, FRS तकनीक से निगरानी

उन्होंने बताया कि घटना में जीवित बची लड़की ने पुलिस को बताया कि अन्य तीनों लड़कियों की मौत संदिग्ध जहरीली गैस से हुई। पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘हालांकि, मौत का सही कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद पता चलेगा। प्रथम दृष्टया प्रतीत हो रहा है कि जहरीली गैस के कारण तीनों की मौत हुई है।’’ 

सूरत सिविल अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. केतन नाइक ने बताया कि लड़कियों ने शायद कुछ जलाया होगा, जिससे जहरीला धुआं निकला और वे बेहोश हो गईं। उन्होंने बताया, ‘‘पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच के बाद चीजें स्पष्ट होंगी।’’ 

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.