Hemant Soren Oath: हेमंत सोरेन आज शाम 4 बजे लेंगे झारखंड के 14वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ, राहल गांधी समेत ये नेता होंगे शमिल

रांची। हेमंत सोरेन आज यहां मोरहाबादी मैदान में एक भव्य समारोह में झारखंड के 14वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। इस समारोह में ‘इंडिया’ गठबंधन के प्रमुख सदस्यों सहित कई प्रमुख नेताओं और गणमान्य व्यक्तियों के शामिल होने की उम्मीद है। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार बृहस्पतिवार को शाम चार बजे सोरेन को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। झामुमो नेता सोरेन (49) चौथी बार मुख्यमंत्री बनेंगे। 

हाल में हुए विधानसभा चुनाव में सोरेन ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के गमलियाल हेम्ब्रम को 39,791 मतों के अंतर से हराकर बरहेट सीट बरकरार रखी। सोरेन ने कहा, ‘‘मैं झारखंड के लोगों का हमारे नेतृत्व पर निरंतर भरोसा रखने के लिए आभारी हूं। यह जीत लोगों की आकांक्षाओं को दर्शाती है और हम उन्हें पूरा करने की दिशा में काम करेंगे।’’ 

यह भी पढ़े - राष्ट्रीय कुर्मी क्षत्रिय महासभा का ऑनलाइन सदस्यता अभियान संपन्न, शिक्षित और विकसित समाज पर जोर

हाल के विधानसभा चुनाव में, सोरेन के झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाले गठबंधन ने 81 सदस्यीय विधानसभा में 56 सीट हासिल करके जीत हासिल की थी, जबकि भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को 24 सीट मिलीं। सोरेन ने चुनाव में जीत के बाद अपने संबोधन में कहा था, ‘‘यह लोगों की जीत है और शांतिपूर्ण एवं प्रगतिशील झारखंड के लिए उनके दृष्टिकोण की जीत है।’’ 

सोरेन ने अपने शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने की लोगों से अपील की और एक यूट्यूब लिंक भी साझा किया, जिस पर इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा। पूरे शहर में पोस्टर लगा दिए गए हैं और विशेष यातायात व्यवस्था के साथ विशेष सुरक्षा इंतजाम किये गए हैं।कांग्रेस महासचिव एवं झारखंड प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने कहा कि सोरेन के अकेले ही शपथ लेने की उम्मीद है और विधानसभा में विश्वास मत के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा। 

शपथग्रहण समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख शरद पवार, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के शामिल होने की संभावना है। 

शपथ ग्रहण समारोह में जिन अन्य प्रमुख नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है उनमें भाकपा (माले) लिबरेशन महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य, आम आदमी पार्टी (आप) नेता अरविंद केजरीवाल, शिवसेना (उबाठा) नेता उद्धव ठाकरे, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) नेता महबूबा मुफ्ती, तमिलनाडु से उदयनिधि स्टालिन, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार और बिहार के विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव शामिल हैं।

शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों का जायजा लेने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बुधवार शाम मोरहाबादी मैदान पहुंचे सोरेन ने कहा, ‘‘इस महत्वपूर्ण अवसर पर ऐसे सम्मानित नेताओं का हमारे साथ होना खुशी की बात है।’’ सोरेन ने अपने गठबंधन को लगातार दूसरी बार अभूतपूर्व जीत दिलाने के बाद राष्ट्रीय राजधानी के अपने दौरे के दौरान मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की थी। 

उन्होंने कहा था, ‘‘मैंने प्रधानमंत्री के साथ एक रचनात्मक बैठक की, जिसमें हमने झारखंड के विकास और प्रगति पर चर्चा की। हमारे अपनी योजनाओं के साथ आगे बढ़ने में उनका समर्थन मूल्यवान होगा।’’ सोरेन के साथ उनकी पत्नी कल्पना भी थीं। वह भी हाल के चुनाव में विधायक के रूप में निर्वाचित हुई हैं। 

उन्होंने कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी के साथ-साथ आप के अरविंद केजरीवाल से भी मुलाकात की और उन्हें शपथग्रहण समारोह में आमंत्रित किया था। उन्होंने कहा था, ‘‘झारखंड और इसके लोगों की बेहतरी के लिए काम करने के हमारे लक्ष्य में हम एकजुट हैं।’’ ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक झामुमो ने चुनाव में अब तक की सबसे बड़ी जीत हासिल की थी। झामुमो ने 43 सीट पर चुनाव लड़ा था जिसमें से 34 पर जीत हासिल की। 

वहीं ​​कांग्रेस ने 16, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने चार और भाकपा (माले) लिबरेशन ने दो सीट जीतीं। सत्ता-साझा करने की व्यवस्था के तहत राजद को एक मंत्री पद मिलने की उम्मीद है। सोरेन ने कहा, ‘‘हम राज्य के लिए एक स्थिर और समृद्ध भविष्य सुनिश्चित करने के लिए अपने गठबंधन सहयोगियों के साथ मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’ 

रविवार को, सोरेन ने सरकार बनाने का दावा पेश करने के लिए राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात की थी। सोरेन ने कहा था, ‘‘झारखंड के लोगों ने हमें अपना जनादेश दिया है और हम समर्पण एवं संकल्प के साथ उनकी सेवा करने के लिए तैयार हैं।’’ औपचारिक शपथग्रहण समारोह तक सोरेन कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभालेंगे।  

आज रांची के स्कूल रहेंगे बंद 

झारखंड में हेमंत सोरेन के नेतृत्व में नयी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के मद्देनजर रांची शहर में बृहस्पतिवार को स्कूल बंद रहेंगे। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी के मुताबिक यह समारोह रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित किया जाएगा और राज्य भर से हजारों लोगों के इसमें शामिल होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन से शहर में यातायात जाम जैसी स्थिति पैदा हो सकती है और छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। रांची के जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय की ओर से जारी परिपत्र के अनुसार मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह बृहस्पतिवार को मोरहाबादी मैदान में होगा।

खबरें और भी हैं

Latest News

Kanpur News: कानपुर में मोटरसाइकिल डिवाइडर से टकराई, किसान समेत तीन की मौत, लड़की गंभीर घायल Kanpur News: कानपुर में मोटरसाइकिल डिवाइडर से टकराई, किसान समेत तीन की मौत, लड़की गंभीर घायल
कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के शिवराजपुर क्षेत्र में बृहस्पतिवार को एक मोटरसाइकिल सड़क पर बने डिवाइडर से टकरा...
मन:स्थली एजुकेशन सेंटर रेवती का 10वीं परिणाम शत-प्रतिशत, संस्कार पाण्डेय 96.6 प्रतिशत के साथ टॉपर
राधाकृष्ण एकेडमी का 10वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत, दो छात्रों ने 91.6 प्रतिशत अंक हासिल किए
UP की राजधानी में सम्मानित होंगे बलिया बेसिक के सप्तसितारे, 19 अप्रैल को लखनऊ में होगा सम्मान समारोह
बलिया में दो इंस्पेक्टर समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज, तीसरा शख्स वन दरोगा
Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.