एसबीआई लाइफ और जेएंडके बैंक की साझेदारी, 1,000 से अधिक शाखाओं में मिलेंगे जीवन बीमा समाधान

मुंबई: एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस और जेएंडके बैंक (जम्मू-कश्मीर बैंक) ने देशभर में ग्राहकों तक व्यापक जीवन बीमा सेवाएं पहुंचाने के लिए रणनीतिक कॉर्पोरेट एजेंसी साझेदारी की है। इस समझौते के तहत जेएंडके बैंक की 1,000 से अधिक शाखाओं के माध्यम से ग्राहकों को एसबीआई लाइफ के विभिन्न जीवन बीमा उत्पाद उपलब्ध कराए जाएंगे।

इस साझेदारी के बाद ग्राहक जेएंडके बैंक की शाखाओं से एसबीआई लाइफ के प्रोटेक्शन, सेविंग्स, रिटायरमेंट और चाइल्ड प्लान सहित विभिन्न जीवन बीमा योजनाओं का लाभ उठा सकेंगे। कंपनी का कहना है कि इससे खासकर जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के परिवारों के लिए अपने वित्तीय भविष्य को सुरक्षित करना और अधिक आसान होगा।

यह भी पढ़े - टेक्नोलॉजी के दम पर आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस ने तेज की बीमा सेवाएं, ग्राहकों को मिल रहा बेहतर अनुभव

कॉर्पोरेट एजेंसी समझौते पर एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस के रीजनल मैनेजर (इंस्टीट्यूशनल अलायंस) बुद्धदित्य बनर्जी और जेएंडके बैंक के डीजीएम (क्रॉस सेलिंग) मसूद अहमद लंकर ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर एसबीआई लाइफ के प्रेसिडेंट (बिजनेस स्ट्रैटेजी) संतोष चाको तथा जेएंडके बैंक की जीएम (डीएसी एवं क्रॉस सेलिंग) अनीता नेहरू भी मौजूद रहीं।

एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमित झिंगरन ने कहा, "हमारा उद्देश्य लोगों और परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है, ताकि वे भविष्य का अधिक आत्मविश्वास के साथ सामना कर सकें। जेएंडके बैंक के साथ यह साझेदारी बीमा जागरूकता बढ़ाने और वित्तीय सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।"

उन्होंने कहा कि जीवन बीमा परिवारों की आर्थिक स्थिरता बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता है और यह सहयोग बीमा को लोगों की रोजमर्रा की वित्तीय योजना का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाने में मदद करेगा।

वहीं, जेएंडके बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमिताभ चटर्जी ने कहा, "यह साझेदारी ग्राहकों को उनकी जरूरत के अनुरूप प्रतिस्पर्धी जीवन बीमा समाधान उपलब्ध कराने की हमारी क्षमता को और मजबूत करेगी। दो भरोसेमंद संस्थानों की विशेषज्ञता एक साथ आने से ग्राहकों को बेहतर सेवाएं और अधिक विकल्प मिलेंगे।"

एसबीआई लाइफ के प्रेसिडेंट (बिजनेस स्ट्रैटेजी) संतोष चाको ने कहा कि जीवन बीमा केवल एक वित्तीय उत्पाद नहीं, बल्कि परिवारों की आर्थिक सुरक्षा और सम्मान का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि यह साझेदारी कंपनी की 'अपने लिए, अपनों के लिए' सोच को और मजबूत करेगी।

कंपनी के अनुसार, यह पहल बीमा नियामक आईआरडीएआई के '2047 तक सभी के लिए बीमा' के विजन के अनुरूप वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने के साथ-साथ अधिक से अधिक परिवारों तक दीर्घकालिक वित्तीय सुरक्षा पहुंचाने में सहायक होगी।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.