यूपी में 44 हजार से ज्यादा होमगार्ड भर्ती, नया बोर्ड करेगा चयन, सीएम योगी का बड़ा फैसला

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में खाली पड़े 44 हजार से अधिक होमगार्ड स्वयंसेवकों के पदों पर भर्ती जल्द शुरू होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को अपने सरकारी आवास पर आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि होमगार्ड एनरोलमेंट की प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए।

नया बोर्ड होगा गठित

सीएम ने कहा कि बदलते समय और बढ़ते दायित्वों को देखते हुए भर्ती नियमों में संशोधन जरूरी है। पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की मदद से एक नया बोर्ड गठित करने का निर्णय लिया गया है। गौरतलब है कि बीते वर्ष ही सीएम योगी ने 44 हजार से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती की घोषणा की थी।

यह भी पढ़े - लखीमपुर खीरी: झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही से गर्भवती महिला की मौत, क्लीनिक सील

लिखित परीक्षा और आयु सीमा तय

बैठक में तय किया गया कि अब लिखित परीक्षा अनिवार्य होगी। अधिकतम आयु सीमा 30 वर्ष रखी जाएगी ताकि युवाओं को अधिक अवसर मिल सके और संगठन की गुणवत्ता बढ़े। साथ ही चयन प्रक्रिया को समयानुकूल बनाने और परीक्षण प्रणाली को और मजबूत करने पर भी जोर दिया गया है।

कानून-व्यवस्था में अहम योगदान

सीएम योगी ने कहा कि कानून-व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और आपदा प्रबंधन में होमगार्ड की अहम भूमिका है। रिक्त पद भरने से संगठन और अधिक सक्षम व प्रशिक्षित बनेगा।

वर्तमान स्थिति और आंकड़े

  • प्रदेश में 1,18,348 स्वीकृत पद हैं, जिनमें से 71,155 होमगार्ड कार्यरत हैं।
  • आने वाले 10 वर्षों में करीब 38 हजार स्वयंसेवक सेवानिवृत्त होंगे।
  • वर्तमान में 51% से अधिक होमगार्ड 50 वर्ष से ऊपर आयु वर्ग में हैं।
  • भत्ते, अनुग्रह राशि और पेंशन भुगतान की सभी सुविधाएं अब पूरी तरह ऑनलाइन हैं।
  • “होमगार्ड मित्र” मोबाइल ऐप से ड्यूटी आवंटन और कार्यप्रणाली को पारदर्शी बनाया गया है।
  • प्रदेश में एक केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान और 12 मंडलीय केंद्र हैं, जिनकी क्षमता हर साल 15 हजार से अधिक स्वयंसेवकों को प्रशिक्षण देने की है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.