कानपुर: घरेलू कलह से दुखी महिला ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, परिजनों ने पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप

कानपुर। गोविंदनगर थाना क्षेत्र में एक महिला ने झांसी रेलवे लाइन पर ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। शुक्रवार सुबह लापता हुई महिला का शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। वे पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और पहचान की। परिवार ने आरोप लगाया कि घरेलू तनाव और मानसिक परेशानियों के चलते उसने यह कदम उठाया, लेकिन पुलिस ने पहले की गई शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की।

दादानगर निवासी 45 वर्षीय दुर्गारानी लंबे समय से अस्वस्थ थीं। परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे वह घर से अचानक गायब हो गईं। सुबह सात बजे के आसपास दबौली वेस्ट और दुर्गा मंदिर के बीच रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

यह भी पढ़े - महर्षि भृगु की तपोभूमि पर गूंजे वेद मंत्र, बलिया में 21 बटुकों का सामूहिक उपनयन संस्कार

पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर पति वीरेंद्र और भाई वंशीधर ने शव की शिनाख्त की। पति ने बताया कि पत्नी अस्वस्थ होने के कारण घर का काम नहीं कर पा रही थीं, जिस पर परिजन उन्हें ताने देते थे। वहीं, चार दिन पहले महिला ने घरेलू कलह की शिकायत चौकी में भी दर्ज कराई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

दूसरी ओर मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया कि पति पत्नी का इलाज कराने में लापरवाही बरतता था और नशे का आदी था, इसी तनाव में उसने आत्महत्या कर ली।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.