- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- कानपुर
- UP में पछुआ हवाओं का दिखा असर, 30 जिलों में पड़ सकती है शीतलहर
UP में पछुआ हवाओं का दिखा असर, 30 जिलों में पड़ सकती है शीतलहर
कानपुर। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी और पछुआ हवाओं का असर उत्तर प्रदेश में साफ देखा जा रहा है। रात के तापमान लगातार सामान्य से नीचे चल रहे हैं और कानपुर में तो 4.5 डिग्री तक तापमान पहुंच गया। हालांकि अयोध्या उत्तर प्रदेश का सबसे कम तापमान वाला जिला रहा जहां पर तीन डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। मौसम विभाग का कहना है कि चार डिग्री के आसपास कई जनपदों में तापमान रहा जो शीतलहर की ओर संकेत है। संभावना है कि सोमवार को उत्तर प्रदेश के करीब 30 जनपदों में शीतलहर पड़ सकती है जो फसलों को भी प्रभावित करेगी।
शीतलहर के संभावित जिलों में गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, गोंडा, अमेठी, सुलतानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड, गौतम बुद्ध नगर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर और आस पास के क्षेत्र हैं।
उन्होंने बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 23.0 और न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 56 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 34 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 8.1 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार कानपुर में आगामी पांच दिनों में प्रातःकाल के समय हल्का कोहरा (हल्की धुन्ध) दिखाई देने के आसार हैं किन्तु बारिश की कोई संभावना नहीं है।
