बलिया में गंगा का कहर: खतरे का निशान पार, दुबेछपरा में कटान से दहशत

बलिया। गंगा नदी की लहरें एक बार फिर रौद्र रूप धारण कर रही हैं। खतरे का निशान तीसरी बार पार करने के बाद नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और इससे फ्लड एरिया के लोगों की चिंता दोगुनी हो गई है। मीडियम फ्लड लेवल की ओर बढ़ती गंगा ने अब कृषि योग्य खेतों को अपनी लहरों में समेटना शुरू कर दिया है।

जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी

केंद्रीय जल आयोग गायघाट गेज के अनुसार मंगलवार दोपहर गंगा का जलस्तर खतरे के निशान 57.615 मीटर को पार कर गया। शाम चार बजे नदी का स्तर 58.070 मीटर दर्ज किया गया। यहां मीडियम फ्लड लेवल 58.615 मीटर और हाई फ्लड लेवल 60.390 मीटर है। रिकॉर्ड के मुताबिक, गंगा में हर घंटे करीब चार सेंटीमीटर की वृद्धि हो रही है।

यह भी पढ़े - Varanasi News: वाराणसी के कई गांवों में डायरिया का कहर, स्वास्थ्य विभाग ने बढ़ाई सख्ती

दुबेछपरा में कटान से मचा हड़कंप

गंगा की धारा ने ग्राम पंचायत गोपालपुर के दुबेछपरा में कटान शुरू कर दी है। मंगलवार को कन्हई ब्रह्म बाबा स्थान से उत्तर दिशा में कटान एरिया में लगभग एक बीघा भूमि नदी में समा गई। इससे गांव में दहशत का माहौल है। कटान स्थल से महज 100 मीटर की दूरी पर बालिका विद्यालय, डेढ़ सौ मीटर पर अमरनाथ मिश्र डिग्री कॉलेज और पीएन इंटर कॉलेज स्थित हैं। साथ ही हजारों की आबादी भी खतरे के साये में है।

गांव का अस्तित्व खतरे में

ग्रामीणों का कहना है कि अगर कटान की रफ्तार यही रही तो दुबेछपरा गांव का अस्तित्व ही खतरे में पड़ जाएगा। सूचना मिलते ही एसडीएम बैरिया आलोक प्रताप सिंह के निर्देश पर बाढ़ विभाग की टीम मौके पर पहुंची। एसडीओ एसके प्रियदर्शी ने बताया कि पक्के कार्य न होने के बावजूद बॉस-बली की मदद से कटान रोकने का प्रयास किया जा रहा है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.