सिक्किम में अचानक आई बाढ़ में मृतक संख्या बढ़कर 40 हुई, 76 लोग अब भी लापता

गंगटोक। सिक्किम में अचानक आई बाढ़ में दो और शव बरामद होने के बाद मृतक संख्या बढ़कर 40 हो गई है। दो सप्ताह पहले आई इस प्राकृतिक आपदा के बाद 76 लोग अब तक लापता हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। चार अक्टूबर को तड़के बादल फटने के कारण तीस्ता नदी में अचानक आई बाढ़ से करीब 88,000 लोग प्रभावित हुए हैं। 

वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार, सिक्किम की आबादी करीब 6.10 लाख है जो भारत के किसी भी राज्य में सबसे कम है। सिक्किम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एसएसडीएमए) के अनुसार, पकयोंग में सबसे अधिक शव बरामद किए गए हैं। जिले में मिले 26 शवों में से 15 आम नागरिकों तथा 11 शव सेना के जवानों के थे। 

यह भी पढ़े - TET को लेकर बड़ी खबर: शिक्षा मंत्रालय ने सभी राज्यों से मांगी रिपोर्ट, 16 जनवरी तक देनी होगी जानकारी

एसएसडीएमए ने एक बुलेटिन में बताया कि मंगन में चार शव मिले, गंगटोक में आठ और नामची में दो शव बरामद हुए हैं। अधिकारियों ने कहा कि पास के पश्चिम बंगाल में तीस्ता नदी के निचले इलाकों में बहकर पहुंचे कई शव बरामद हुए हैं। लापता 76 लोगों में से 28 पकयोंग से, 23 गंगटोक से, 20 मंगन से और नामची से पांच लोग शामिल हैं। 

एसएसडीएमए ने कहा कि वर्तमान में राज्य में 20 राहत शिविर संचालित हैं, जहां 2,080 लोगों ने शरण ली है। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) ने कहा कि अत्यधिक वर्षा और उत्तरी सिक्किम में दक्षिण लहोनक झील में ग्लेशियर के पिघलने से बनी झील में अचानक बाढ़ आने (जीएलओएफ) की घटना के कारण संभवत: यह प्राकृतिक आपदा हुई। 

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.