- Hindi News
- टेक
- AI+ यूज़र्स को डेटा और प्राइवेसी पर मिलेगा ज्यादा कंट्रोल, NXT Quantum OS 1.1 पेश
AI+ यूज़र्स को डेटा और प्राइवेसी पर मिलेगा ज्यादा कंट्रोल, NXT Quantum OS 1.1 पेश
नई दिल्ली, सितंबर 2026। स्मार्टफोन में कौन-सा ऐप यूज़र के डेटा का कब और किस तरह इस्तेमाल कर रहा है, इसकी जानकारी रखना कई बार आसान नहीं होता। इसी चुनौती को ध्यान में रखते हुए AI+ स्मार्टफोन ने NXT Quantum OS 1.1 का नया वर्जन पेश किया है। कंपनी का दावा है कि यह अपडेट यूज़र्स को डेटा और प्राइवेसी से जुड़ी गतिविधियों की ज्यादा जानकारी देने के साथ उन पर बेहतर नियंत्रण भी उपलब्ध कराएगा। कंपनी के मुताबिक, इसके कोर डेटा इंफ्रास्ट्रक्चर और सोर्स कोड को भारत में ही सुरक्षित रखा जाएगा।
भारत में प्रोसेस होगा ऐप्स का डेटा ट्रैफिक
कंपनी के मुताबिक, NXT Quantum OS 1.1 के तहत ऐप्स से जुड़ा 100 फीसदी डेटा ट्रैफिक भारत में मौजूद सर्वर्स के जरिए प्रोसेस किया जाएगा। सिस्टम 1,000 से ज्यादा कनेक्शन्स और 172 अलग-अलग डेस्टिनेशन IP एड्रेस से जुड़े सोर्स रूल्स की ऑटोमैटिक जांच करेगा।
कंपनी का दावा है कि डेटा ट्रैफिक और IP पिंग्स भारत के नेटवर्क के भीतर ही रहेंगे। हालांकि, जरूरी Google Core Services के लिए कुछ डेटा ट्रैफिक कैलिफोर्निया और सिंगापुर तक जाएगा।
NXT Privacy Dashboard से मिलेगा ज्यादा नियंत्रण
अपडेट के साथ कंपनी ने NXT Privacy Dashboard भी पेश किया है। इसके जरिए यूज़र्स एक ही जगह पर अपने फोन में मौजूद अलग-अलग ऐप्स को दी गई परमिशन्स देख सकेंगे। जरूरत के मुताबिक इन परमिशन्स को बदला या बंद भी किया जा सकेगा।
इसके अलावा, यूज़र्स यह भी देख पाएंगे कि कोई ऐप बैकग्राउंड में कब और फोन के किन फीचर्स को एक्सेस कर रहा है। अगर किसी ऐप की ओर से जरूरत से ज्यादा परमिशन का इस्तेमाल किया जाता है, तो सिस्टम प्राइवेसी अलर्ट भी जारी करेगा।
ओपन रिव्यू के जरिए होगी डिवाइसेज की टेस्टिंग
NXT Quantum OS 1.1 अपडेट को Project Open Review 2.0 का हिस्सा भी बताया गया है। इसके तहत रिव्यूअर्स, क्रिएटर्स, पत्रकार और एथिकल हैकर्स AI+ डिवाइसेज की टेस्टिंग कर सकते हैं और कंपनी को अपना फीडबैक दे सकते हैं।
कंपनी के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य डिवाइस और उसके प्राइवेसी सिस्टम को ज्यादा पारदर्शी बनाना और यूज़र्स को अपने डेटा पर बेहतर नियंत्रण उपलब्ध कराना है।
