आयुष हत्याकांड: हत्यारोपी महिला पलक कोर्ट में हाजिर, पुलिस मलती रह गई हाथ

शाहजहांपुर: शहर में चर्चित आयुष गुप्ता हत्याकांड में आरोपी महिला पलक ने कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया। पुलिस को जानकारी होने के बाद भी आरोपित महिला को गिरफ्तार नहीं कर पायी और पुलिस हाथ मलती रह गई। इस हत्याकांड में अभी तक छह लोग गिरफ्तार हुए हैं और दो ने कोर्ट में आत्मसमर्पण किया है। पुलिस की गिरफ्त से अभी छह आरोपी फरार हैं।

सदर बाजार थाना क्षेत्र के मोहल्ला गदियाना निकट श्यामतगंज गौटिया निवासी टेंट व्यापारी दिलीप गुप्ता के बेटे आयुष गुप्ता की 2 दिसंबर को ओसीएफ रामलीला मैदान में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के पिता दिलीप गुप्ता ने काजल, पलक, प्रिंस राजपूत, अरविंद वर्मा, आर्यन सिंह, पीयूष राठौर, आदिल, शेखर मौर्या समेत 14 लोगों के खिलाफ हत्या आदि की धारा में रिपोर्ट दर्ज करायी थी। घटना के कई वीडियो वायरल हुआ था। पुलिस ने घटना के आस-पास सीसीटीवी कैमरे चेक किए थे। 

यह भी पढ़े - Lakhimpur Kheri News: डग्गामार बसों के खिलाफ अनुबंधित बस मालिकों की कार्रवाई की मांग

सदर बाजार पुलिस ने अब तक प्रिंस, आर्यन सिंह, मोहित, अमन, पीयुष राठौर, मोहम्मद आदिल को गिरफ्तार करके चालान किया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त तमंचा प्रिंस के कब्जे से बरामद किया था। जबकि आरोपी अरविंद वर्मा ने कोर्ट में हाजिर हो गया था। इस घटना में फरार चल रही काजल की बहन और आरोपी प्रिंस की पत्नी पलक बुधवार की दोपहर कोर्ट में हाजिर हो गई। कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया। 

सदर बाजार पुलिस को जानकारी थी कि एक आरोपी कोर्ट में सरेंडर हो रहा है। पुलिस कचहरी परिसर के आस-पास लगी थी। लेकिन पुलिस को भनक नहीं लग पाई। पुलिस वापस थाना पर लौट आई है।  इस हत्याकांड में आठ लोग जेल जा चुके हैं। पुलिस की गिरफ्त से छह आरोपी अभी फरार हैं। प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि पलक और अरविंद को रिमांड पर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Edited By: Parakh Khabar

खबरें और भी हैं

स्पेशल स्टोरी

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.