- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- सहारनपुर
- प्रेम विवाह से नाराज साले ने जीजा की गोली मारकर की हत्या, पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने आया था युवक
प्रेम विवाह से नाराज साले ने जीजा की गोली मारकर की हत्या, पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने आया था युवक
सहारनपुर : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद में प्रेम विवाह से नाराज एक युवक ने अपने जीजा की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना उस समय हुई जब मृतक अपनी पत्नी को यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने के लिए परीक्षा केंद्र लेकर आया था। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
परीक्षा समाप्त होने के बाद दोनों कार से घर लौटने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान आकांक्षा का भाई मंजीत वहां पहुंच गया और कार रुकवा ली। बताया जाता है कि उसने अपनी बहन से घर चलने के लिए कहा, लेकिन आकांक्षा ने मना कर दिया। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि विवाद के दौरान मंजीत ने शिव कुमार के सिर पर सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही शिव कुमार गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
चार महीने पहले किया था प्रेम विवाह
पुलिस अधीक्षक नगर व्योम बिंदल ने बताया कि मृतक की पत्नी आकांक्षा के अनुसार दोनों ने करीब चार महीने पहले प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से उसके परिवार के लोग इस रिश्ते का विरोध कर रहे थे। आकांक्षा का आरोप है कि इसी रंजिश के चलते उसके भाई मंजीत ने उसके पति की हत्या की है।
वहीं मृतक के भाई शिवम कुमार ने भी ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद दोनों परिवारों में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
