- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- लखनऊ
- यूपी में सड़क हादसों में आई कमी, चार महीनों में 3669 दुर्घटनाएं और 2212 मौतें घटीं
यूपी में सड़क हादसों में आई कमी, चार महीनों में 3669 दुर्घटनाएं और 2212 मौतें घटीं
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सड़क सुरक्षा को लेकर योगी सरकार की सख्ती और जागरूकता अभियानों का असर अब आंकड़ों में दिखाई देने लगा है। ई-डीएआर पोर्टल के अनुसार जनवरी से अप्रैल 2026 के बीच प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं और हादसों में होने वाली मौतों में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है।
परिवहन विभाग चला रहा जागरूकता अभियान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर परिवहन विभाग लगातार सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चला रहा है। प्रदेशभर में करीब 2000 स्थानों पर होर्डिंग लगाकर लोगों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
इसके अलावा जल्द ही स्कूली वाहनों की फिटनेस और सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान भी शुरू किया जाएगा।
18 हजार से अधिक चालकों का स्वास्थ्य परीक्षण
परिवहन निगम के बस चालकों की नियमित स्वास्थ्य और नेत्र जांच भी कराई जा रही है। अप्रैल 2026 तक 18,975 चालकों का मेडिकल परीक्षण किया जा चुका है।
लंबी दूरी की बसों में दो चालकों की ड्यूटी अनिवार्य की गई है। साथ ही ब्रेथ एनालाइजर जांच भी सुनिश्चित की जा रही है, ताकि नशे की हालत में वाहन संचालन रोका जा सके।
जीरो फैटेलिटी योजना का असर
प्रदेश के 75 जिलों के 487 क्रिटिकल पुलिस थानों में लागू ‘जीरो फैटेलिटी डिस्ट्रिक्ट योजना’ भी प्रभावी साबित हो रही है। यातायात निदेशालय के अनुसार योजना लागू होने के बाद पिछले चार महीनों में 566 लोगों की जान बचाई जा चुकी है।
यातायात प्रबंधन को मजबूत करने के लिए प्रदेश के विभिन्न मंडलों में 630 होल्डिंग एरिया भी नोटिफाइड किए गए हैं।
क्या बोले परिवहन आयुक्त
परिवहन आयुक्त आशुतोष निरंजन ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए संबंधित विभागों के साथ मिलकर लगातार ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा और स्कूली वाहनों की फिटनेस को लेकर जल्द ही विशेष अभियान फिर शुरू किया जाएगा।
