- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- लखनऊ
- बिहार में जीत की खुशबू… यूपी भाजपा मुख्यालय में जश्न, सीएम योगी ने दी बधाई
बिहार में जीत की खुशबू… यूपी भाजपा मुख्यालय में जश्न, सीएम योगी ने दी बधाई
लखनऊ। बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की प्रचंड जीत के बाद शुक्रवार दोपहर लखनऊ स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में जमकर जश्न मनाया गया। कार्यालय परिसर ढोल-नगाड़ों, आतिशबाज़ी और विजय नारों से गूंज उठा। उत्साहित कार्यकर्ताओं ने नृत्य कर जीत का जश्न मनाया। इसी दौरान कार्यकर्ताओं ने मुस्लिम सहयोगियों को कंधे पर उठाकर एकता और उत्सव का संदेश भी दिया। माना जा रहा है कि इस बार बिहार में मुस्लिम मतदाताओं ने राजग को उल्लेखनीय समर्थन दिया है।
भाजपा विधान परिषद सदस्य और प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष सिंह ने राहुल गांधी पर टिप्पणी करते हुए कहा कि "राहुल गांधी बिहार के एक पोखर में मुकेश साहनी के साथ मछली पकड़ रहे थे, लेकिन हाथ सिर्फ एक मछली लगी। नतीजों में भी स्थिति कुछ अलग नहीं रही, जबकि भाजपा ने शानदार विजय हासिल की है।" जश्न में प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित, प्रवक्ता समीर सिंह, मनीष शुक्ला, हीरो बाजपेई और अवनीश त्यागी सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
सीएम योगी का संदेश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर लिखा, “बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा–एनडीए गठबंधन की प्रचंड जीत पर कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई और जनता का अभिनंदन! यह ऐतिहासिक विजय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकासोन्मुख नेतृत्व और डबल इंजन सरकार की लोक-कल्याणकारी नीतियों पर बिहार की जनता के विश्वास की पुष्टि है। यह जनादेश विकास, सुशासन और स्थिरता के मार्ग को मजबूत करने वाला है, जिस पर नया बिहार आत्मविश्वास से आगे बढ़ रहा है।”
