- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- लखनऊ
- परीक्षा देने जा रही युवतियों से छेड़छाड़ का आरोप, मुठभेड़ के बाद ऑटो चालक गिरफ्तार
परीक्षा देने जा रही युवतियों से छेड़छाड़ का आरोप, मुठभेड़ के बाद ऑटो चालक गिरफ्तार
लखनऊ : राजधानी लखनऊ में परीक्षा देने जा रही दो युवतियों के साथ कथित छेड़छाड़ और मारपीट के मामले में पुलिस ने एक ऑटो चालक को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पैर में गोली लगने के बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आरोप है कि वहां चालक ने युवतियों के साथ छेड़छाड़ करने का प्रयास किया। विरोध करने पर उसने दोनों के साथ मारपीट और अभद्रता की। घटना में दोनों युवतियां घायल हो गईं।
सूचना मिलने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। जांच के दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संदिग्ध ऑटो को रोकने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल भेजा गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हसीब निवासी सांडीला, जनपद हरदोई के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त ऑटो-रिक्शा, एक अवैध तमंचा, कारतूस और खोखा बरामद करने का दावा किया है।
प्रारंभिक जांच में आरोपी के आदतन अपराधी होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक वर्ष 2024 में भी उसके खिलाफ हरदोई जिले के सांडीला थाने में एक महिला को सुनसान स्थान पर ले जाकर दुष्कर्म करने का मुकदमा दर्ज हुआ था, जिसके बाद उसे जेल भेजा गया था।
फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और सभी पहलुओं पर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
