- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- लखीमपुर खीरी
- Lakhimpur Kheri News: पुलिस हिरासत में ग्रामीण की मौत, परिजन पिटाई से मौत का लगा रहे आरोप
Lakhimpur Kheri News: पुलिस हिरासत में ग्रामीण की मौत, परिजन पिटाई से मौत का लगा रहे आरोप
लखीमपुर-खीरी: हत्या के मामले में पूछताछ के लिए शुक्रवार को पकड़कर थाना मितौली लाए गए 50 वर्षीय ग्रामीण की संदिग्ध हालत में तबीयत बिगड़ गई। उसे जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने पुलिस की पिटाई से मौत होने का आरोप लगाया है। घटना के बाद से ग्रामीणों में भारी रोष है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पुलिस आशाराम को लेकर पहले सीएचसी पहुंची, जहां से हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल भेज दिया, जहां उसकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया। रोते बिलखते परिवार के लोग जिला अस्पताल पहुंच गए। परिवार वालों का कहना है कि पुलिस ने आसाराम की जमकर पिटाई की है, जिससे उसकी मौत हुई है। उधर पुलिस पिटाई से मौत की खबर से लोगों में काफी रोष है।
प्रभारी निरीक्षक राजू राव का कहना है कि बच्ची की हत्या में शुक्रवार की शाम 4 बजे आशाराम को थाने लाया गया था। आशाराम का पेट खराब था। उसको सीएचसी ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रात करीब 10 बजे जिला अस्पताल में मौत हो गई। थाना मितौली व पोस्टमार्टम हाउस पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। मौके पर पहुंचे एएसपी समेत कई पुलिस अफसर परिवार वालों को समझाने की कोशिश में जुटे हैं।
