Lakhimpur Kheri News: दुधवा के बाहर आतंक मचाने वाला तेंदुआ पिंजरे में कैद, वन विभाग को मिली बड़ी सफलता

लखीमपुर खीरी : दुधवा टाइगर रिजर्व के बाहरी क्षेत्र बेलरायां में कई महीनों से ग्रामीणों के लिए दहशत का कारण बना तेंदुआ आखिरकार वन विभाग के जाल में फंस गया। मंगलवार सुबह उत्तर निघासन खीरी वन रेंज के भेड़ौरी गांव के पास लगाए गए पिंजरे में बकरी का शिकार करने के प्रयास के दौरान तेंदुआ कैद हो गया। वन विभाग का दावा है कि यही तेंदुआ करीब तीन माह पूर्व एक महिला पर जानलेवा हमला कर चुका था।

वन क्षेत्राधिकारी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि तेंदुए की लगातार गतिविधियों को देखते हुए भेड़ौरी और महाराजनगर गांव के पास दो पिंजरे लगाए गए थे, जिनमें चारे के रूप में बकरियां बांधी गई थीं। इसके साथ ही चार ट्रैप कैमरों के जरिए वन विभाग की टीम उसकी हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए थी। तेंदुआ लगातार गन्ने के खेतों और ग्रामीण इलाकों में दिखाई दे रहा था, लेकिन हर बार वन विभाग को चकमा देकर निकल जाता था।

लगातार निगरानी और रणनीतिक प्रयासों के बाद मंगलवार सुबह वन विभाग को बड़ी सफलता मिली। तेंदुआ भेड़ौरी गांव के समीप लगाए गए पिंजरे में कैद हो गया। इसके बाद वन विभाग की टीम उसे वन रेंज कार्यालय लेकर पहुंची, जहां पशु चिकित्सकों द्वारा उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच में तेंदुए की उम्र लगभग दो वर्ष आंकी गई है।

तेंदुए के पकड़े जाने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण वन रेंज कार्यालय पहुंच गए। लंबे समय से दहशत के माहौल में रह रहे लोगों ने राहत की सांस ली।

दो महीने में छह तेंदुए पकड़े गए

दुधवा टाइगर रिजर्व के बफर जोन से सटे निघासन, धौरहरा, मोहम्मदी और पलिया क्षेत्रों में हाल के दिनों में तेंदुओं की गतिविधियां बढ़ी हैं। वन विभाग के अनुसार, केवल बेलरायां वन रेंज में पिछले एक महीने के दौरान यह तीसरा तेंदुआ पकड़ा गया है, जबकि बीते दो महीनों में कुल छह तेंदुओं को सुरक्षित रूप से रेस्क्यू किया जा चुका है।

नौरंगाबाद में अब भी बना हुआ है खतरा

हालांकि वन विभाग की चुनौती अभी समाप्त नहीं हुई है। नौरंगाबाद क्षेत्र में भी एक तेंदुआ लगातार खेतों और आबादी के आसपास देखा जा रहा है। उसकी निगरानी के लिए वहां भी ट्रैप कैमरे और पिंजरे लगाए गए हैं। वन विभाग का कहना है कि तेंदुआ लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा है, लेकिन उसकी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और जल्द ही उसे भी पकड़ने की उम्मीद है।

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, अकेले खेतों में न जाएं और किसी भी वन्यजीव की गतिविधि की सूचना तत्काल विभाग को दें।

खबरें और भी हैं

Latest News

प्रेम विवाह से नाराज साले ने जीजा की गोली मारकर की हत्या, पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने आया था युवक प्रेम विवाह से नाराज साले ने जीजा की गोली मारकर की हत्या, पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने आया था युवक
सहारनपुर : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद में प्रेम विवाह से नाराज एक युवक ने अपने जीजा की गोली मारकर...
Chhattisgarh News: पीएम मोदी के ऐतिहासिक कार्यकाल पर बोले सीएम विष्णु देव साय, कहा- छत्तीसगढ़ को उम्मीद से अधिक मिला केंद्र का सहयोग
लखनऊ में नकली करेंसी गिरोह का भंडाफोड़, 13.95 लाख रुपये के जाली नोटों के साथ तीन गिरफ्तार
बलिया में हाई वोल्टेज ड्रामा: पति की दूसरी शादी के आरोप से आहत महिला मोबाइल टावर पर चढ़ी, घंटों चला रेस्क्यू ऑपरेशन
शिवमय हुआ बलिया: बाबा बालखंडी नाथ मंदिर में शिव महापुराण कथा का भव्य शुभारंभ, लाखों श्रद्धालुओं की उमड़ी आस्था
Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.