- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- जौनपुर
- Jaunpur News : नितिन गडकरी ने दी करोड़ों की सौगात, बोले-मुंबई जैसा बनेगा जौनपुर
Jaunpur News : नितिन गडकरी ने दी करोड़ों की सौगात, बोले-मुंबई जैसा बनेगा जौनपुर

Jaunpur News : भारत सरकार के राष्ट्रीय राजमार्ग कैबिनेट मंत्री नितिन गडकरी शुक्रवार को जौनपुर दौरे पर पहुंचे। जिले में स्थित बीआरपी इंटर कॉलेज के मैदान में वे लगभग दोपहर करीब 2.30 बजे पहुंचे। जहां पहले से उपस्थित राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी, यूपी सरकार के मंत्री गिरीश यादव, जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह और मंच पर मौजूद विधायकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। सर्वप्रथम नितिन गडकरी के साथ पहुंचे यूपी सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने दीप प्रज्वलित किया। इसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बटन दबाकर 10 हजार करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास किया।
नितिन गडकरी ने कहा कि जौनपुर जनपद के लिए यहां की राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी मुझसे लगातार मिलती रही है और उन्होंने जिले के लिए कई प्रस्ताव दिए है। इसके साथ ही यूपी सरकार के मंत्री गिरीश यादव ने भी जनपद के कार्यो के लिए प्रस्ताव दिये। आज मैं जौनपुर आया हूं और जौनपुर के राज्यमार्गों व बाई पास मार्ग के लिए 10,000 करोड़ स्वीकृत हुए हैं। जिलावासियों का कहना है कि ऐसा पहली बार हुआ है कि जौनपुर जिले के सड़कों के विकास के लिए इतना रुपया स्वीकृत हुआ है।
जौनपुर से अयोध्या मात्र दो घंटे का सफर होगा
राष्ट्रीय राजमार्ग कैबिनेट मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में साल-2014 से 2024 तक लाखों-करोड़ खर्च करके सड़कें बनी है। जौनपुर में खेतासराय, शाहगंज, अकबरपुर में बाईपास निर्माण होगा। मडियाहू में फोरलेन बाईपास का निर्माण होगा। गोमती नदी पर फोरलेन पुल का निर्माण होगा। पूरे जनपद में फोरलेन सड़कों का जाल होगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जौनपुर से अयोध्या मात्र दो घंटे का सफर होगा। इसके साथ ही जौनपुर जिले के लिए सिटी स्टेशन रोड पर चौड़ी सर्विस रोड देने तथा मुंगरा बादशाहपुर में बाजार के अंदर से गुजरने वाले हाईवे पर सड़क किनारे स्ट्रीट लाइट तथा अन्य सौंदर्यीकरण का वादा किया।
किसानों पर खास फोकस
नितिन गडकरी ने किसानों की तरफ ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि भारत का किसान अन्नदाता ही नहीं, अब ऊर्जा दाता के नाम से पहचाना जाता है। किसान पराली से इथेनॉल का निर्माण करके बायो फ्यूल बना रहा है। जिससे इथेनॉल से चलने वाली गाड़ियां जल्द ही प्रगोग की जाएंगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि किसान को कर्ज़ा मुक्त होना चाहिए। केवल स्मार्ट सिटी ही नहीं बल्कि स्मार्ट गांव भी बनाना चाहिए। जौनपुर के बहुत से लोग मुम्बई में रहते हैं लेकिन, अब हम मुंबई की तरह ही जौनपुर को भी बनाने जा रहे हैं।