- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- जालौन
- Jalaun News : जालौन में आईएएस अधिकारी की संवेदनशीलता ने जीता दिल, दिव्यांग फरियादी की बात सुनने जमीन...
Jalaun News : जालौन में आईएएस अधिकारी की संवेदनशीलता ने जीता दिल, दिव्यांग फरियादी की बात सुनने जमीन पर बैठे
जालौन। उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण थाना समाधान दिवस के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट और आईएएस अधिकारी रिंकू सिंह राही ने अपनी संवेदनशीलता और मानवीय व्यवहार से लोगों का दिल जीत लिया। एक दिव्यांग फरियादी की समस्या सुनने के लिए उन्होंने अपनी कुर्सी छोड़ दी और स्वयं जमीन पर बैठकर उसकी बात गंभीरता से सुनी।
इसी दौरान एक दिव्यांग युवक अपनी शिकायत लेकर वहां पहुंचा। युवक को असहज स्थिति में देखकर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट तुरंत अपनी कुर्सी से उठे और उसके पास जमीन पर बैठ गए। उन्होंने आत्मीयता के साथ युवक की समस्या सुनी और संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने युवक को शिक्षा का महत्व भी समझाया। उन्होंने कहा कि शिक्षा जीवन को नई दिशा देने और आत्मनिर्भर बनने का सबसे प्रभावी माध्यम है।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट की बातों से प्रभावित होकर युवक ने पढ़ाई जारी रखने और विद्यालय में प्रवेश लेने का संकल्प लिया। बताया जा रहा है कि वह जल्द ही स्कूल में दाखिला लेगा।
आईएएस अधिकारी रिंकू सिंह राही की इस मानवीय पहल की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि प्रशासनिक अधिकारियों का ऐसा संवेदनशील व्यवहार जनता और प्रशासन के बीच विश्वास को मजबूत करता है और जनसेवा की वास्तविक भावना को दर्शाता है।
