- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बरेली
- एक्ट्रेस के बेटे का निकला बरेली में मिला शव, नशे के दौरान हुई मौत, फिर साथियों ने खाई में फेंका था
एक्ट्रेस के बेटे का निकला बरेली में मिला शव, नशे के दौरान हुई मौत, फिर साथियों ने खाई में फेंका था
बरेली: इज्जतनगर इलाके के अधलखिया गांव के पास रविवार को मिले शव की शिनाख्त क्राइम पेट्रोल और माटी की बन्नो जैसे कई टीवी सीरियल में काम कर चुकी अभिनेत्री सपना सिंह के बेटे सागर के रूप में हुई है। करीब 14 वर्षीय सागर आनंद विहार कॉलोनी में अपने मामा के पास रहता था और शनिवार को अचानक लापता हो गया था। पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया है। सागर के मामा ने थाना बारादरी में एक युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कई टीवी सीरियल में अभिनय कर चुकी हैं सपना
सागर की मौसी पूजा गंगवार ने बताया कि उनकी बहन सपना सिंह मुंबई में रहती हैं और टीवी अभिनेत्री हैं। वह क्राइम पेट्रोल के अलावा माटी की बन्नो सीरियल में नर्स, प्रतिज्ञा में पुलिसकर्मी और वारिस में मेहमान जैसी भूमिका अदा कर चुकी हैं। सागर ने भी नए सीरियल रामायण में एक छोटी भूमिका अदा की थी। वह इंस्टाग्राम पर वीडियो बनाकर अपलोड करने का शौकीन था। बेटे के साथ हुए हादसे की सूचना पर सपना मुंबई से बरेली रवाना हो गई हैं। राजेश भांजे का शव लेकर गांव चले गए हैं। सागर बचपन से ही मामा के पास रहता था।
अनुज ने कहा- नशा करने के बाद सागर के मुंह-नाक से बहने लगा खून, फिर हो गई मौत
सीसीटीवी फुटेज में सागर कॉलोनी के ही अनुज के साथ जाता दिखा था। परिजनों ने अनुज से पूछा तो उसने कह दिया कि वह उसके साथ गया जरूर था लेकिन सतीपुर चौराहा पर उसे छोड़कर चला गया था। परिजनों के दबाव बनाने पर पुलिस ने अनुज को उठाकर पूछताछ की।
अनुज ने बताया कि एक और लड़के को लेकर सागर के साथ गया था। उन लोगों ने नशा किया था। नशे के दौरान ही सागर की हालत बिगड़ गई। उसके मुंह और नाक से खून बहने लगा और वह गिर गया। उन लोगों के उठाने के बाद भी वह नहीं उठा तो वे समझ गए कि उसकी मौत हो गई है। डर के कारण दोनों ने शव को ऑटो से ले जाकर अदलखिया गांव के पास खाई में फेंक दिया और लौट आए। सागर के परिजनों ने उसकी हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया है।
