शादी के पांच दिन बाद सड़क हादसे में युवक की मौत, नवविवाहिता का रो-रोकर बुरा हाल

बलिया : नगरा-मझवारा मुख्य मार्ग पर स्थित भीमपुरा थाना क्षेत्र के किडिहरापुर गांव के पास हुए सड़क हादसे में एक नवविवाहित युवक की मौत हो गई। ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।

जानकारी के अनुसार, मऊ जनपद के पवनी गांव निवासी कमलेश प्रसाद बाइक से किसी कार्यवश भीमपुरा बाजार जा रहे थे। इसी दौरान किडिहरापुर गांव के पास सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

यह भी पढ़े - डीएम ने बदला सम्पूर्ण समाधान दिवस का कार्यक्रम, 6 जून को बेल्थरा रोड में होगी जनसुनवाई

हादसे में कमलेश गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

बताया जा रहा है कि कमलेश की शादी इसी माह 3 जून को हुई थी। विवाह के महज पांच दिन बाद हुई इस दर्दनाक घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। नवविवाहिता पत्नी संध्या का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि परिजनों के घर में मातम पसरा हुआ है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। हालांकि समाचार लिखे जाने तक ट्रैक्टर चालक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस फरार चालक और वाहन की तलाश में जुटी हुई है।

खबरें और भी हैं

Latest News

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.