- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- बाढ़ पीड़ितों से मिले विधायक जयप्रकाश अंचल, हरसंभव मदद का दिया भरोसा
बाढ़ पीड़ितों से मिले विधायक जयप्रकाश अंचल, हरसंभव मदद का दिया भरोसा
मझौवां, बलिया। बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए बैरिया विधायक जयप्रकाश अंचल ने शुक्रवार को विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग-31 समेत कई स्थानों पर शरण लिए बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
विधायक ने गायघाट डाकबंगला, रुद्रपुर, बेलहरी, जगछपरा, शुक्लछपरा, रामगढ़, सुघरछपरा, दुबेछपरा, गंजहवा बाबा, दया छपरा, पांडेपुर और टीएस बंधा समेत कई स्थानों का निरीक्षण किया।
इन इलाकों में बाढ़ का पानी घरों में पहुंचने के कारण बड़ी संख्या में लोग सुरक्षित स्थानों और राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे शरण लिए हुए हैं। विधायक ने बाढ़ पीड़ितों से बातचीत कर भोजन, रहने की व्यवस्था, पशुओं के लिए चारा और अन्य जरूरी सुविधाओं की जानकारी ली।
उन्होंने बनवा बाजार तक बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित लोगों से राहत कार्यों की जानकारी ली। विधायक ने कहा कि बाढ़ पीड़ितों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर राहत कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।
