बलिया में हाई वोल्टेज ड्रामा: पति की दूसरी शादी के आरोप से आहत महिला मोबाइल टावर पर चढ़ी, घंटों चला रेस्क्यू ऑपरेशन

बलिया : जिले के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के लीलकर गांव में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला पारिवारिक विवाद के चलते मोबाइल टावर पर चढ़ गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस और प्रशासन की टीम कई घंटों तक महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुटी रही।

प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला का अपने पति सौरभ बिंद से लंबे समय से विवाद चल रहा है। महिला का आरोप है कि उसके पति ने उससे बिना जानकारी दिए दूसरी शादी कर ली है। इसी बात से आहत होकर उसने विरोध जताने के लिए मोबाइल टावर पर चढ़ने का कदम उठाया।

यह भी पढ़े - Ballia News: राष्ट्रीय राजमार्ग पर टेंपो और ट्रैक्टर की भीषण टक्कर, एक की मौत और चार लोग गंभीर रूप से घायल

टावर पर चढ़ने के बाद महिला लगातार अपने पति को मौके पर बुलाने की मांग करती रही। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते टावर के नीचे सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

सूचना पाकर सिकंदरपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और महिला को समझाने-बुझाने का प्रयास शुरू किया। पुलिसकर्मी लगातार उससे बातचीत कर उसे सुरक्षित नीचे उतरने के लिए मनाते रहे। हालांकि कई घंटों तक चले प्रयासों के बावजूद महिला नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई।

सिकंदरपुर थानाध्यक्ष मूलचंद चौरसिया ने बताया कि मामला पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद से जुड़ा हुआ है। पुलिस की टीम लगातार महिला के संपर्क में है और उसे सुरक्षित नीचे उतारने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिला के सुरक्षित नीचे आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी।

घटना के चलते पूरे क्षेत्र में तनाव और उत्सुकता का माहौल बना रहा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, जबकि स्थानीय लोग महिला के सुरक्षित नीचे उतरने की प्रार्थना कर रहे हैं।

फिलहाल महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है और प्रशासन किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पूरी सतर्कता बरत रहा है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.