बलिया: दहेज हत्या के मामले में फरार चल रहा ससुर गिरफ्तार, पति और सास पहले ही जा चुके हैं जेल

बलिया। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भीमपुरा थाना पुलिस को दहेज हत्या के मामले में सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में फरार चल रहे आरोपी ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले मृतका के पति और सास को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

पुलिस के अनुसार, 13 अगस्त 2026 को वादी ने भीमपुरा थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी चचेरी बहन की शादी 29 अप्रैल 2021 को राकेश कुमार यादव पुत्र कमलेश यादव निवासी शाहपुर (यादवनगर) से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद पति, सास, ससुर और देवर दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करते थे और इसी दौरान उसकी हत्या कर दी गई।

यह भी पढ़े - बलिया: 35 लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर बेटे ने दी परिवार को धमकी, मां ने दर्ज कराया मुकदमा

तहरीर के आधार पर भीमपुरा पुलिस ने धारा 85, 80(2) बीएनएस और धारा 4 डीपी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया था। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 15 अगस्त को आरोपी पति राकेश कुमार यादव और सास इसरावती देवी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

मुखबिर की सूचना पर ससुर गिरफ्तार

इसी मामले में गुरुवार को भीमपुरा थाना पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त और देखभाल कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर उप निरीक्षक धर्मवीर यादव ने हमराह पुलिसकर्मियों के साथ कार्रवाई करते हुए आरोपी कमलेश यादव पुत्र शिवशंकर यादव, निवासी शाहपुर (यादवनगर), थाना भीमपुरा को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी को किड़िहरापुर रेलवे स्टेशन के पीछे स्थित खाकी बाबा मंदिर के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक धर्मवीर यादव के साथ कांस्टेबल आदित्य यादव और सौरभ तिवारी शामिल रहे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.