Ballia News: जमीनी विवाद में युवक की हत्या, मां और चाचा समेत तीन गंभीर

बलिया। सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के खरीद गांव में जमीनी विवाद को लेकर हुए हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी मां, चाचा और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावर धारदार हथियारों और लाठी-डंडों से लैस होकर घर पर चढ़ आए और ताबड़तोड़ हमला कर फरार हो गए। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

पुराना विवाद बना हत्या की वजह

बताया जा रहा है कि खरीद गांव में दो पक्षों के बीच वर्षों से जमीनी विवाद चला आ रहा था। करीब डेढ़ महीने पहले भी दोनों पक्षों में झड़प हुई थी, जिसमें पुलिस ने कार्रवाई की थी। बुधवार देर शाम, एक पक्ष ने भवानी मंदिर के पास स्थित घर पर चढ़कर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमलावरों ने जो जहां मिला, उसे बेरहमी से पीटा और फिर मौके से फरार हो गए।

यह भी पढ़े - टीएससीटी कन्यादान योजना के तहत सात बेटियों की शादी के लिए दिए गए 51-51 हजार रुपये के शगुन चेक

युवक की मौत, चाचा की हालत गंभीर

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल मोती चंद यादव (60), पंकज यादव (24), अनिल यादव (42) और गीता देवी (55) को सिकंदरपुर सीएचसी पहुंचाया। हालत नाजुक होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

इलाज के दौरान पंकज यादव ने दम तोड़ दिया, जबकि उनके चाचा अनिल यादव की हालत गंभीर बनी हुई है।

मौके पर भारी पुलिस बल तैनात

घटना के बाद सिकंदरपुर और आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।

खबरें और भी हैं

Latest News

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.