Ballia News: बलिया में जमीन पैमाइश के दौरान खूनी संघर्ष, कई घायल; चार गिरफ्तार

बलिया। बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के खेवसर गांव में शनिवार को जमीन की पैमाइश के दौरान पुराना विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। राजस्व टीम की मौजूदगी में ही दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार खेवसर गांव में करीब 20 डिसमिल जमीन को लेकर गांव के बीर पांडेय और हरेंद्र सिंह के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों पक्षों ने 10-10 डिसमिल जमीन की रजिस्ट्री कराई थी, लेकिन जमीन के फ्रंट हिस्से को लेकर विवाद बना हुआ था।

यह भी पढ़े - अनुशासनहीनता पर बड़ी कार्रवाई, सीएचओ अंकुर गुप्ता की संविदा समाप्त

मामला राजस्व विभाग तक पहुंचने के बाद शनिवार को नायब तहसीलदार विशाल, कानूनगो और लेखपाल सुनील की टीम जमीन की पैमाइश करने गांव पहुंची थी।

बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 12 बजे जैसे ही नापी शुरू हुई, दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। अचानक हुए संघर्ष से मौके पर भगदड़ और अफरा-तफरी मच गई।

मारपीट में हरेंद्र सिंह और बीर पांडेय सहित कई लोग घायल हो गए। राजस्व अधिकारियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक राकेश सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने मौके से वेद प्रकाश पांडेय, मनोज पांडेय, रवि नंदन सिंह और अजीत यादव को गिरफ्तार कर थाने भेज दिया।

प्रभारी निरीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि गांव में शांति व्यवस्था कायम है। मारपीट में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.