- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- बलिया
- शिवमय हुआ बलिया: बाबा बालखंडी नाथ मंदिर में शिव महापुराण कथा का भव्य शुभारंभ, लाखों श्रद्धालुओं की उ...
शिवमय हुआ बलिया: बाबा बालखंडी नाथ मंदिर में शिव महापुराण कथा का भव्य शुभारंभ, लाखों श्रद्धालुओं की उमड़ी आस्था
बलिया : बाबा बालखंडी नाथ मंदिर परिसर में मंगलवार से सात दिवसीय श्री अधिक मास शिव महापुराण कथा का भव्य शुभारंभ हुआ। कथा के प्रथम दिन अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने अधिक मास (पुरुषोत्तम मास) की महिमा का विस्तृत वर्णन करते हुए भगवान शिव की आराधना के महत्व पर प्रकाश डाला। कथा के पहले ही दिन देश-प्रदेश से पहुंचे लाखों श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने पूरे परिसर को भक्तिमय और शिवमय बना दिया।
कथावाचन के दौरान पंडित प्रदीप मिश्रा ने महर्षि भृगु की तपोभूमि और वीरों की धरती बलिया को नमन करते हुए श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि अधिक मास भगवान की विशेष कृपा प्राप्त करने का श्रेष्ठ अवसर है। इस पवित्र मास में भगवान शिव की उपासना और जलाभिषेक से अनेक गुना पुण्य फल की प्राप्ति होती है।
उन्होंने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि जब जीवन में निराशा, कष्ट और विपत्तियां चारों ओर से घेर लें, तब श्रद्धा और विश्वास के साथ भगवान शिव को अर्पित किया गया एक लोटा जल और “श्री शिवाय नमस्तुभ्यं” मंत्र का जाप व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला सकता है। उन्होंने कहा कि सच्चे मन से की गई शिवभक्ति कभी व्यर्थ नहीं जाती और भोलेनाथ अपने भक्तों की प्रत्येक पुकार अवश्य सुनते हैं।
कथावाचक ने बलिया की धार्मिक महत्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि बाबा बालेश्वर नाथ का वर्णन लिंग पुराण और स्कंद पुराण में विस्तार से मिलता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से इन ग्रंथों का अध्ययन करने का भी आह्वान किया। साथ ही उन्होंने कथा आयोजन की भव्य व्यवस्था के लिए परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह और उनकी टीम की सराहना करते हुए कहा कि इतने कम समय में इतने विशाल आयोजन की सफल तैयारी महादेव की विशेष कृपा का प्रतीक है।
श्रद्धालुओं का उमड़ा जनसैलाब
कथा के पहले दिन ही श्रद्धालुओं की अभूतपूर्व भीड़ देखने को मिली। उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से पहुंचे लाखों श्रद्धालुओं ने कथा का श्रवण किया। पूरा परिसर "हर-हर महादेव" और "बोल बम" के जयघोष से गूंजता रहा, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो उठा।
श्रद्धालुओं के लिए व्यापक व्यवस्थाएं
आयोजन समिति और प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। लगभग एक लाख लोगों की क्षमता वाला विशाल वॉटरप्रूफ पंडाल तैयार किया गया है। इसके अलावा पेयजल, चिकित्सा, पार्किंग, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन की भी व्यापक व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
कथा स्थल पर सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। कई थानों की पुलिस फोर्स, यातायात पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार व्यवस्था संभालते नजर आए। गर्मी को ध्यान में रखते हुए पानी और अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी समुचित व्यवस्था की गई थी।
आस्था, श्रद्धा और भक्ति के अद्भुत संगम के बीच शुरू हुई श्री अधिक मास शिव महापुराण कथा का पहला दिन श्रद्धालुओं के लिए अविस्मरणीय बन गया। पूरे परिसर में ऐसा आध्यात्मिक वातावरण दिखाई दिया, मानो स्वयं भगवान शिव की कृपा इस आयोजन पर बरस रही हो।
