- Hindi News
- उत्तर प्रदेश
- अयोध्या
- Ayodhya News : पैसेंजर ट्रेन के यात्रियों को अभी और करना होगा इंतजार
Ayodhya News : पैसेंजर ट्रेन के यात्रियों को अभी और करना होगा इंतजार
अयोध्या : कम किराए की पैसेंजर ट्रेनों के यात्रियों को अभी और इंतजार करना होगा। फ़िलहाल अभी ऐसी ट्रेनों के संचालन की प्रक्रिया ठंडे बस्ते में है। अयोध्या को विभिन्न शहरों से जोड़ने वाली विभिन्न पैसेंजर ट्रेनों का संचालन कोविड काल के दौरान बंद कर दिया गया था। कोरोना काल बीतने के बाद कई बार रेल प्रबंधन की ओर से कम किराए की पैसेंजर ट्रेनों के संचालन को लेकर प्रक्रिया जारी होने का दावा किया गया, लेकिन अभी सारी कवायद ठंडे बस्ते में हैं।
इस वर्ष भी लखनऊ मंडल में विशेष के रूप में संचालित 38 ट्रेनों को एक जुलाई से पुरानी पैसेंजर ट्रेन के रूप में बहाल करने की बात कही गई थी, जिसको फिर एक नवंबर से लागू किये जाने की बात कही गई थी। हालांकि अभी रेल प्रबंधन की ओर से अनारक्षित वर्ग के यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष तथा एक्सप्रेस ट्रेनों में समान्य श्रेणी के कोच की तादात बढ़ा काम चलाया जा रहा है। उत्तर रेलवे के महाप्रबन्धक अशोक कुमार वर्मा का कहना है कि विभाग की ओर से रेलवे ट्रैक तथा सुविधाओं व संरक्षा को लेकर विभिन्न रेल खंड पर काम कराया जा रहा है। ऐसे में अभी कम किराए की पैसेंजर ट्रेनों का संचालन मुमकिन नहीं हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए रेल प्रबंधन की ओर से मार्ग की विभिन्न ट्रेनों में समान्य श्रेणी के कोच की संख्या बढ़ाई जा रही है।
पैसेंजर की जगह चलाई जा रही विशेष एक्सप्रेस ट्रेन
ऐसा नहीं है पुरानी कम किराए की ट्रेनों की जगह संबंधित स्टेशनों तक यात्रा के लिए ट्रेने नहीं चलाई जा रही है। ट्रेनें तो चलाई जा रही है लेकिन किसी को विशेष का दर्जा दिया गया है तो किसी को मेमू का और कहीं इंटरसिटी का संचालन हो रहा है। लखनऊ को चलने वाली पैसेंजर की मेमू शुरू की गई है और इसको अयोध्या कैंट के बजाय सलारपुर से संचालित किया जा रहा है। जबकि प्रयागराज और मनकापुर को जाने वाली पैसेंजर ट्रेन को एक्सप्रेस का दर्जा दे दिया गया है। इनमें यात्रा के लिए एक्सप्रेस ट्रेन का किराया देना पड़ रहा है।
