धान फसल को चट कर रहे मवेशी, मवेशी मालिकों पर कार्रवाई की मांग

धमतरी।ग्राम मुजगहन व रत्नाबांधा, लोहरसी गांव के कुछ मवेशी मालिक अपने मवेशियों को रात में अवैध तरीके से खेतों में चराई के लिए छोड़ने लगे है। ये मवेशी खेत में लगे धान की फसलों को चट कर रहे हैं, इससे किसानों को नुकसान होने लगा है। मामले को लेकर ग्राम पंचायत रत्नाबांधा के सरपंच शंकर नेताम के नेतृत्व में प्रभावित किसानों ने शिकायत कर फसल नुकसान पहुंचाने वाले मवेशी मालिकों के विरूद्ध कार्रवाई की मांग की है। इस साल जिले के किसानों ने रबी फसल के रूप में बड़े पैमाने पर धान की फसल लगाई है। फसल अब जब पककर तैयार हो गई है तो आसपास के गांव के कुछ मवेशी मालिक जानबूझकर अपने मवेशियों को धान के तैयार हो रहे खेत में छोड़ रहे हैं। ग्राम पंचायत रत्नाबांधा के सरपंच शंकर नेताम ने कहा कि कुछ मालिक धान फसल को मवेशियों से चट करा रहे हैं।

किसान लालाराम साहू, समेन्द्र सिन्हा, दयाराम, नाथोराम साहू, हृदय राम, रूपचंद साहू, दुलारराम साहू, शिव ध्रुव, डोमेश ने बताया कि गांव के कुछ मवेशी मालिक अपने मवेशियों को रात के अंधेरे का फायदा उठा खेतों में छोड़ देते हैं। ये मवेशी फसल को रातभर चटकर भारी क्षति पहुंचा रहे हैं। जल्द इस ओर ध्यान नहीं दिया गया तो अधिकांश किसान कर्ज में डूब जाएंगे। इसे ध्यान में रख उक्त मामले की शिकायत सिटी कोतवाली में कर उक्त मवेशी मालिकों के विरूद्ध कार्रवाई की मांग की गई है इस अवसर पर उपसरपंच प्रकाश यादव, जयंत सेन, नरेन्द्र मीनपाल सहित अन्य किसान मौजूद थे।

खबरें और भी हैं

Copyright (c) Parakh Khabar All Rights Reserved.